राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी क्षेत्र में शाम को दर्जनों गांव में 300 से लेकर 500 ग्राम तक के करीब आधा घंटे तक ओलों ने तबाही मचाई जिससे कच्चे मकान के कपरे फूट गए और विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ गई है। सैकड़ों खंबे टूटने और बिजली के तार टूटने के कारण देर रात तक विद्युत व्यवस्था नहीं सुधर पाई है जिससे पूरे क्षेत्र में अंधकार छाया रहा।
ओलावृष्टि से मूंग, सोयाबीन एवं सब्जी की फसलें, टमाटर, ककडी, भटा मिर्च की फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं, सूख चुकी नदियों में बाढ़ की स्थिति देखी गई, शाम करीब 4:30 अचानक मौसम में परिवर्तन आया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश के साथ-साथ ओलों की बारिश भी हुई जिसमें ग्राम ज्वाप, इमझिरा, डोंगर सलैया, जामुनपानी झिरी, सिंगपुर गंजन सहित आसपास के दर्जनों गांव में भीषण ओलावृष्टि हुई, सड़कों पर और खेतों में ओलों की परत जम गई। ओलावृष्टि के कारण खपरैल घरों में जमकर तबाही हुई है।

ग्राम इमझिरा के किसान राजाराम पटेल ने बताया कि करीब 4:30 बजे से 5 बजे तक 1 घंटे तक भीषण बारिश हुई जिसमें करीब आधे घंटे तक 500 ग्राम तक के ओले गिरने से यहां जमकर तबाही हुई है। किसानों के खेतों में लगी मूंग की फसल, टमाटर, सोयाबीन की खड़ी फसल ओलावृष्टि से नष्ट हो गई है। फसलों में ओलावृष्टि के कारण पत्ते तक नहीं बचे हैं। उन्होंने बताया ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। भारी बारिश के कारण सूखी पड़ी नदियां नाले में बाढ़ जैसी स्थिति देखी गई। उन्होंने बताया कि आंधी तूफान के कारण बड़ी तादाद में पेड़ पौधे उखाड़ कर सड़कों पर गिरे पड़े हैं और आवागमन प्रभावित हो गया है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण देवरी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। देर रात तक देवरी नगर शहर ग्रामीण अंचलों में बिजली की आपूर्ति बंद पड़ी रही। जानकारी के अनुसार कई जगह बिजली के तार टूटने और खंबे गिरने के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप रही।

