फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:
पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू है। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की जेल में हृदयघात से मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट है। वहीं भीम सेना के प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने दिल्ली में मुख्तार अंसारी के पोस्टर लहराकर बवाल मचा दिया है। दिल्ली से लखनऊ तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और सतपाल तंवर पर पैनी नजर रखी जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर दोपहर करीब एक बजे जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय पहुंचें। वहां उन्होंने पचास हजार के करीब जमा हुए मुसलमानों को संबोधित किया। तंवर ने आरोप लगाया कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की एक-एक करके हत्याएं करवा रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सजा देना या निर्दोष साबित करना न्यायपालिका का काम है सरकार का नहीं है। इस दौरान तंवर ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए और हजारों की संख्या में मौजूद मुस्लिम लोगों ने भी तंवर का साथ देते हुए इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए।
दोपहर की अज़ान और जुम्मे की नमाज़ के तुरंत बाद भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर ने मुख्तार अंसारी और संविधान के पोस्टर लहराकर पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है। तंवर ने कहा कि भारत में लोकतंत्र है और बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर द्वारा लिखा गया संविधान है। देश में प्रत्येक नागरिक को समान न्याय पाने का अधिकार है और ऐसी व्यवस्था संविधान में की गई है। उसके बावजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपराधिक साजिशें रचकर अपने अधिकारियों से पुलिस कस्टडी और जेल में हत्याएं करवा रहे हैं। तंवर ने मुख्तार अंसारी की मौत को हत्या करार दिया है। मुख्तार अंसारी का परिवार भी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है और हत्या का आरोप लगा रहा है। वहीं सतपाल तंवर द्वारा देश की राजधानी दिल्ली में जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय में गैंगस्टर माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की फोटो के साथ में संविधान की फोटो लहराने से विवाद हो गया है।
