वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

बुजुर्ग देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धा आश्रम सलेमपुर कोन में शुक्रवार को जिरियाट्रिक फिजिशियन डॉ शिखर बाजपेई द्वारा कैंप लगाकर बुजुर्गों की जांच की गई। इस दौरान 62 मरीजों को देखा गया।

जिरियाट्रिक फिजिशियन जिला पुरुष चिकित्सालय डॉ शिखर बाजपेई ने बताया कि एनपीएचसीई कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धा आश्रम सलेमपुर कोन में शिविर लगाकर 62 बुजुर्गों की जांच की गई। इन सभी की ब्लड प्रेशर की जांच की गई। इनमें हाई ब्लड प्रेशर के मरीज, सांस में तकलीफ, घुटनों और जोड़ों में दर्द की शिकायत अधिकतर बुजुर्गों में मिली। जिसे देखते हुए उन्हें ठंड से बचने की सलाह के साथ दवाई दी गई है। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि धूप निकलने पर कुछ देर धूप में बैठें और ठंड के समय अच्छे से गर्म कपड़े पहने। ज़रूरत पड़ने पर ही कहीं बाहर निकलें, गर्म पानी का सेवन करें और खाना भी गरम ही खाएं। जिससे ठंड से बचाव होगा और तकलीफों में भी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह समस्याएं उम्र के साथ होना स्वाभाविक है, परंतु इस समय बुजुर्गों को अधिक और अच्छी देखभाल की ज़रूरत होती है।
