सामने आए वाहन को बचाने में NHAI के गड्ढे में गिरा ट्रक, स्ट्रीट लाइट पोल भी टूटा | New India Times

इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

सामने आए वाहन को बचाने में NHAI के गड्ढे में गिरा ट्रक, स्ट्रीट लाइट पोल भी टूटा | New India Times

भुसावल में खड़का चौक के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-53 पर एम.आई. तेली पेट्रोल पंप के सामने क्रॉसिंग के पास सोमवार, 14 सितंबर को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। जलगांव की ओर जा रहे एक ट्रक के सामने अचानक एक वाहन आ जाने पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया। इसी दौरान सर्विस रोड के किनारे नाली निर्माण के लिए NHAI द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में ट्रक का पहिया चला गया और ट्रक गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के दौरान ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे लगा स्ट्रीट लाइट का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है।
गड्ढों को लेकर नागरिकों में नाराजगी
सर्विस रोड के किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए बड़े और गहरे गड्ढों को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों और ट्रक चालक का कहना है कि यदि सड़क किनारे इस तरह के खुले गड्ढे नहीं होते तो सामने आए वाहन से बचने के दौरान ट्रक सुरक्षित रूप से सर्विस रोड पर निकल सकता था और हादसा टल सकता था।
नागरिकों ने बताया कि यह क्षेत्र बायपास और क्रॉसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां दिनभर भारी वाहनों समेत बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। आसपास दुकानें और लोगों की आवाजाही भी होने के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
नागरिकों ने प्रशासन और NHAI से सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरने, आवश्यक स्थानों पर ब्रेकर लगाने, स्ट्रीट लाइट पोल की सुरक्षा जांच कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सोमवार के हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.