रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

जिले में वाहक रोग मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुन्या इत्यादि के संभावित प्रसार को देखते हुए एवं इनके बचाव तथा नियंत्रण हेतु सहायक मलेरिया अधिकारी किरण मंडलोई द्वारा मारुती नगर झाबुआ में लार्वा का सर्वे किया गया।
लार्वा को चेक करते हुए, घरों में एक सप्ताह से अधिक जमा पानी से भरे कन्टेनर, पानी की टंकी, घरों में रखे पानी के बर्तनों, कूलर, सीमेंट की हौदी, घर की छतों पर जमा बेकार टायर, फूलदान, सीमेट एवं टंकी तथा अन्य पानी के कन्टेनर को खाली करवाया गया। लार्वा पाये जाने पर तत्काल कन्टेनरों में लार्वानाशक बीटीआई का छिड़काव किया गया।
सर्वे में पाया गया कि शहरवासी सोते समय मच्छरदानी का उपयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें समझाईश दी गई कि मच्छरदानी का उपयोग अवश्य करें एवं बताया गया कि पानी से भरे कंटेनरों की साफ-सफाई नहीं करने के कारण इन कंटेनरों में मच्छरों की पैदावार हो रही है जो कि बीमारियों का फैलाव करने में सहायक हैं। इस हेतु सभी को समझाईश दी गई कि कंटेनरों की नियमित साफ-सफाई करें ताकि रोगों के प्रसार को रोका जा सके।
