अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए डीआरएम श्री देवाशीष त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भोपाल स्टेशन पहुँचकर यात्रियों के लिए की जा रही सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं का जायजा लिया एवं स्टेशन परिसर की बेहतर साफ सफाई सुनिश्चित करने के लिए ज़िम्मेदारों को निर्देश दिये। भोपाल में आयोजित होने वाले “आलमी तबलीगी इज्तिमा” के लिए किये जा रहे प्रबन्ध के तहत श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिये स्टेशन पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के सम्बंध में अधिकारियों से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक श्री सौरभ कटारिया सहित अन्य अधिकारी व पर्यवेक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
भोपाल मण्डल के सभी रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है। व्यवस्था को सुचारु रूप से नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।

स्पेशल ट्रेनों सम्बन्ध में उद्घोषणा सुनिश्चित की जा रही है ताकि यात्रियों को कोचों के स्थान और उस प्लेटफॉर्म के बारे में पता चल सके। लम्बी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सहायता प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण ट्रेनों में महिला एवं पुरुष एस्कॉर्ट तैनात किये गये है। स्टेशनों पर “में आई हेल्प यु/हेल्प डेस्क/सहयोग” बूथ बनाया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउन्टर खोले गये हैं। चिकत्सा सहायता बूथ बनाये गये है। स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल निरंतर चौकसी बरत रहे हैं।

