जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

आवाज एवं मध्य प्रदेश पुलिस विभाग की महिला सुरक्षा इकाई के द्वारा जुलाई में आयोजित की गई फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गये हैं। परिणाम की घोषणा महिला सुरक्षा इकाई की अतिरिक्त पुलिस निदेशक सुश्री प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव द्वारा पुलिस मुख्यालय में की गई है।
इसके पहले अंतर्राष्ट्रीय मानव दुर्व्यापार निषेध दिवस के पहले इस प्रतियोगिता को आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में 115 प्रविष्टियां आईं थी, इनमें से कुल 13 फिल्मों पर 4 लोगों की बेंच की ज्यूरी ने फैसला दिया। 13 में से 5 फिल्मों का चयन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तथा 2 विशेष उल्लेखित पुरुस्कार के लिए प्रविष्टियों का चयन किया गया। ज्यूरी के रूप में फ़िल्म समीक्षक एवं फ़िल्म निर्देशक सुदीप सोहनी एवं सुशील कुमार तथा महिला सुरक्षा शाखा के एआईजी स्तर के दो अधिकारी थे।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सुश्री श्रीवास्तव द्वारा प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई फिल्मों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से निश्चित ही प्रतिभागियों में संवेदनशीलता आई होगी एवं ऐसे अनछुए विषय को जानने का मौका मिला होगा। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए आवाज की सराहना की एवं इस पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसके पश्चात सुश्री प्रज्ञा जी द्वारा प्रतिभागियों को नगद पुरुस्कार एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भोपाल के शुभम पांडे(द आइरोनिकल समूह), बालाघाट के पियूष टेंबरे को द्वितीय स्थान एवं भोपाल के देवेश सिंह को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त उज्जैन की सानिका वर्मा एवं मंडला के नर्मदा प्रसाद साहू(संस्कार समूह) को विशेष उल्लेखनीय पुरुस्कार से सम्मानित किया गया। बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रमुख डॉ पवन मिश्रा जी को अति. पु. निदेशक महोदय द्वारा अभिमन्यु अभियान में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुश्री श्रीवास्तव के अतिरिक्त एआईजी सुश्री किरण केरकट्टा, भोपाल अतिरिक्त डीसीपी सुश्री शालिनी दीक्षित, डीएसपी सुश्री नेहा पच्चीसिया एवं अन्य विभाग के साथी भी मौजूद रहे। इस दौरान बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के प्रो.डॉ. पवन मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आवाज के समन्वयक नितेश व्यास ने सभी को सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
