मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय पोषण माह तथा मादक पदार्थों पर नियंत्रण एवं नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नेहरू नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में यूनानी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया।
शिविर के आयोजन में काली फाटक, दाऊदपुरा, बुरहानपुर के यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज़ अनवर द्वारा सहयोग किया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर उपस्थितजनों को नशामुक्ति एवं पोषण के प्रति जागरूकता की शपथ दिलवाई गई। इस दौरान उपस्थितजनों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के संबंध में जानकारी भी दी गई। शिविर में सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार यूनानी औषधियां प्रदान की गईं। साथ ही 12 गर्भवती महिलाओं एवं 6 धात्री महिलाओं सहित लगभग 80 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढ़वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पोषण माह का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा बच्चों के समुचित पोषण के संबंध में आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देना है। शिविर में आयुष विभाग से श्री वसीम बेग, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी सुपरवाइजर श्रीमती रीता शाह एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रेहाना परवीन सहित अन्य द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

