मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन राज की शिवराज सरकार को बेनक़ाब करने पर भाजपा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ, कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री जयराम रमेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण यादव सहित कई नेताओं पर पूरे प्रदेश में मुक़दमा दर्ज किया है।
बुरहानपुर कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष रिंकु टाक ने कहा कि कांग्रेस इस चोरी और सीना जोरी की इस कार्यवाही का विरोध और घोर निंदा करती है। कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष रिंकु टाक ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संकल्प लेता है कि वह कमलनाथ के नेतृत्व में इस कमीशन राज की शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकेगा और मध्य प्रदेश को कमीशन राज और घोटालों से मुक्ति दिलाएगा।
शिवराज सरकार ने हर घोटाले की शुरुआत में यही कहा है कि घोटाला नहीं हुआ है। शिकायत करने वाला फर्जी है और शिकायतकर्ता के खिलाफ़ मामला दर्ज करना और उत्पीड़न करना इस सरकार की आदत बन गई। इन्होंने व्यापम घोटाले को स्वीकार नहीं किया, लेकिन अंत में सुप्रीम कोर्ट ने खुद मामला अपने हाथ में लिया। भाजपा सरकार ने नर्सिंग कॉलेज घोटाले को स्वीकार नहीं किया लेकिन हाईकोर्ट ने घोटाले पर मोहर लगा दी। शिवराज सरकार ने पहले पटवारी घोटाले को स्वीकार नहीं किया, लेकिन बाद में जांच के लिए तैयार हुए। इसी तरह 50 प्रतिशत कमीशन, घोटाले को भी अंततः भाजपा सरकार को स्वीकार करना पड़ेगा। जिस तरह से कर्नाटक की जनता ने भाजपा के 40 प्रतिशत कमीशन राज को उखाड़ फेंका था, वैसे ही मप्र की जनता शिवराज के 50 प्रतिशत के कमीशन राज को भी उखाड़ फेंकेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिंकु टाक ने मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के 50 प्रतिशत के कमीशन राज को उजागर करने वाले पेटी कांट्रेक्टर भाई का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस पत्र को समाचार पत्रों में प्रकाशित करने वाले पत्रकार साथियों का बहुत धन्यवाद। और इन समाचारों को ट्वीट कर पूरी दुनिया के सामने शिवराज सिंह चौहान सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कमलनाथ, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी श्री जयराम रमेश और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष श्री अरुण यादव सहित सभी नेताओं का बहुत-बहुत धन्यवाद।
