यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले वासी आपसी भाईचारे एवं सद्भावना से त्यौहार मनाएं.
धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना द्वारा जिले में होली पर्व और शब ए बरात के त्यौहारों को शांति-व्यवस्था के साथ आपसी सौहार्द एवं समरसतापूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पुलिस के कडे़ बंदोबस्त किए हैं। जिले में होली व शब ए बरात का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसके लिए पुलिस ने माकूल व्यवस्था की है। जिले के सभी मुख्य मार्गों पर करीब 50 फिक्स पाइंट बनाये गये हैं। सुरक्षा के लिए तैनात जवानों और अधिकारियों को शराब पीकर और तीन सवारी बैठकर चलने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ दुपहिया वाहन जब्त करने के निर्देश दिये गये हैं। जिले के सभी वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों को अपने-अपने सर्किल एवं थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी, अडडे्बाजों एवं शरारती व अपराधिक तत्वों की लगातार चेकिंग कर इन पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। थानाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व उपद्रव मचाने वाले संभावित व्यक्तियों पर भी सख्त से सख्त कार्यवाही करें, ताकि होली त्यौहार को शांतिपूर्वक मनाया जा सके। इसके साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज मीना ने जिले वासियों से अपील है कि आपसी भाईचारे एवं सद्भावना के साथ शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाएं.
