मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 13 स्थित बांधा दफाई माता मड़िया मोहल्ले में ग्रामीण भीषण गर्मी के बीच पानी की भारी समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार पूरे मोहल्ले में पानी के लिए केवल एक हैंडपंप ही सहारा बना हुआ है, जिससे वार्ड के सभी लोगों को पानी भरना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन की नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन और नल कनेक्शन लगाए गए हैं, लेकिन नलों में एक बूंद पानी तक नहीं आ रहा है। इससे लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नल-जल मिशन योजना को सुचारु रूप से चालू किया जाए, ताकि वार्ड क्रमांक 13 के बांधा दफाई क्षेत्र के लोगों को भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

