संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में बढ़ते विरोध के बीच मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में शनिवार शाम विशाल मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
अजयगढ़ चौराहा से अंबेडकर चौक तक निकला जुलूस
शनिवार शाम अजयगढ़ चौराहा पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से मशाल जुलूस की शुरुआत हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। हाथों में जलती मशालें लिए कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
अंबेडकर चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनीश खान ने कहा कि नीट परीक्षा में हुए कथित घोटाले और पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कई नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला एनएसयूआई अध्यक्ष आकाश जाटव, शिवजीत सिंह, पुरुषोत्तम जड़िया, मुरारीलाल थापक, आनंद शुक्ला, रमा बुंदेला, आस्था तिवारी, आशीष बागरी, शशिकांत दीक्षित, राजबहादुर पटेल, शिव प्रकाश दीक्षित, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, बृजेंद्र यादव, सत्यजीत सिंह परमार, अंकित शर्मा, सौरभ पटेरिया, रहीमा खातून, चांदनी जाटव, जितेंद्र जाटव, हिम्मत बागरी, अमित शर्मा, अनिकेत बागरी, समरजीत बागरी, सोनू चौधरी, राजेश द्विवेदी, फैज मोहम्मद, फैयाज मोहम्मद, सरदार सिंह यादव, रेवती रमन दीक्षित, राजकुमार कुशवाहा, वेदांत मिश्रा, हिमांशु सिंह, अशोक अहिरवार, शिवकुमार कबीरपंथी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व छात्र उपस्थित रहे।

