भाजपा के वोट शेयर को 41 प्रतिशत से बढ़ाकर 51 प्रतिशत पर ले जाना हम सबकी जिम्मेदारी: मनोज लधवे | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

भाजपा के वोट शेयर को 41 प्रतिशत से बढ़ाकर 51 प्रतिशत पर ले जाना हम सबकी जिम्मेदारी: मनोज लधवे | New India Times

अभी हमारा वोटर शेयर 41 प्रतिशत है, इसे 51 प्रतिशत पर ले जाना हम जैसे प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इस काम के लिए अभी से सारे कार्यकर्ता जुट जाएं। पश्चिम बंगाल चुनाव में पूरा माहौल हमारे पक्ष में था, लेकिन फिर भी हमारी पार्टी वहां हारी। इसकी प्रमुख वजह विपक्षी पार्टियों का एकजुट होना रहा। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने यह तय किया है कि हमें एकजुटता से हर चुनाव लड़ना है ताकि हमारा वोट शेयर 51 प्रतिशत हो जाए और विपक्षी पार्टियों के तमाम विरोधों के बावजूद हमें कोई नुकसान पहुंचाने की स्थिति में न हो।
यह बात बुरहानपुर विधानसभा की बूथ विस्तारक योजना के तहत परमानंद गोविन्दजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज भीमसेन लधवे ने कही। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ बूथ विस्तारक योजना के काम में जुट जाएं। देश का विपक्ष एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ रहा है। इसके बावजूद हमारा वोट शेयर 41 प्रतिशत है। अगर हम थोड़ी से मेहनत और कर लें तो इसे 51 प्रतिशत तक ले जाने में कोई नहीं रोक सकता। फिर हम पूरी तरह सक्षम होंगे। गुरुवार से बूथ विस्तारक योजना शुरू हो रही है। इसलिए कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से जुट जाएं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जूनागढ़े ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा के विचारों को बूथ-बूथ तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। प्रशिक्षण वर्ग को विधानसभा प्रभारी पुरूषोत्तम शर्मा (खंडवा) ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। इसलिए विपक्षी एकजुटता दिखाते हुए इसे पीछे करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमें ऐसा होने नहीं देना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी द्वारा श्रद्धेय स्व. श्री कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में बूथ विस्तारक योजना 20 से 30 जनवरी तक चलाने वाली है। जिसमें प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ताओं की जानकारी डिजिटलाइज होगी। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी एक-एक बूथ के विस्तारक बनेंगे और वहां प्रतिदिन 10 घंटे बूथ की जानकारी एकत्रित कर उसे डिजिटलाइज करेंगे। विस्तारक बने कार्यकर्ता अपने बूथ पर 10 दिन तक प्रतिदिन 10 घंटे यानी कुल 100 घंटे का समय देकर संगठन को गुणात्मक और संख्यात्मक रूप से मजबूत बनाते हुए आगामी चुनावों में 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखेंगे। बुरहानपुर जिले के 10 मंडलों के 650 बूथों पर पार्टी के विस्तारक पहुंचेंगे। ये विस्तारक बूथ के कार्यकर्ता और महत्वपूर्ण मतदाताओं का डिजिटल डेटा भी तैयार करेंगे। प्रत्येक बूथ विस्तारक के साथ एक आईटी की जानकारी रखने वाला विस्तारक भी होगा। अतः बूथों पर परंपरागत और डिजिटल दोनों तरीकों से जानकारी एकत्रित करने का काम किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बूथ विस्तारक योजना भारतीय राजनीति के इतिहास में पार्टी का अभी तक का सबसे बड़ा अभियान है। इसमें “संगठन” एप के माध्यम से 65 हजार बूथों की जानकारी का संकलन होगा। जिसमें बूथ समिति, पन्ना समिति आदि जानकारियों को डिजिटलाइज किया जाएगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा भाजपा के विस्तार एवं सशक्तिकरण के लिए श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे ने अपना अमूल्य योगदान दिया है। वे सार्वजनिक जीवन में आदर्श व सिद्धांतों के प्रकाश स्तंभ और निष्काम कर्मयोगी थे।
इस दौरान मंच पर म.प्र. विपणन बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं नेपानगर की पूर्व विधायिका सुश्री मंजू दादू, पूर्व महापौर गण में सर्व श्री अतुल पटेल, अनिल भोसले, माधुरी पटेल, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज वल्लभदास तारवाला, मुकेश शाह, युवराज महाजन, योगेश्वर पाटिल सहित अन्य मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article