भुसावल में भीषण आग से 5 परिवारों का सब कुछ खाक, शादी का सामान भी जला; यूनुस खाटीक गंभीर रूप से झुलसे | New India Times

इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

भुसावल शहर के काजी प्लॉट क्षेत्र में लगी भीषण आग ने पांच परिवारों को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, यूनुस खाटीक के घर में आगामी 4 जून को शादी प्रस्तावित थी। शादी के लिए रखा गया पूरा सामान, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल थीं आग की भेंट चढ़ गया।
आग में शेख मुनाफ शेख बशीर का सेंट्रिंग का सामन और घरेलू वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। वहीं, शेख शरीफ शेख बशीर की मोटरसाइकिल, चार बकरियां, एक बकरा, पांच साइकिलें और नकद राशि जलकर राख हो गई।
इसके अलावा, शेख वसीम शेख सलीम का घर भी आग की चपेट में आ गया, जिसमें उनका सारा घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए। घटना के समय वे काम से बाहर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस भीषण अग्निकांड में यूनुस खाटीक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उनके हाथ बुरी तरह जल गए हैं और उनका उपचार जारी है।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस स्टेशन के अधिकारी जयस्वाल पगारे मौके पर पहुंचे और पंचनामा किया। तहसील प्रशासन की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय नगरसेवक संतोष दाढ़ी और मक्का ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
पीड़ित परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने शासन से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article