बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने की बैठक, बैंक प्रबंधकों को दिए आवश्यक निर्देश | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने की बैठक, बैंक प्रबंधकों को दिए आवश्यक निर्देश | New India Times

पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित शासकीय एवं अर्ध-शासकीय बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण एवं जांच की जा रही है।

इसी क्रम में 3 जून 2026 को थाना कोतवाली परिसर में प्रभारी कोतवाली श्रीमती नीता देयरवाल तथा थाना खकनार में थाना प्रभारी श्री अभिषेक जाधव द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के विभिन्न बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि बैंकों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित एवं सशस्त्र सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैंक परिसर के अंदर और बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर चालू एवं कार्यशील रखा जाए तथा उनकी गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। सीसीटीवी फुटेज का पर्याप्त बैकअप सुरक्षित रखने और डीवीआर की रिकॉर्डिंग क्षमता निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा बैंकों के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, फ्रेम मेटल डिटेक्टर, डोर सिक्योरिटी सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को नियमित रूप से संचालित करने तथा इमरजेंसी अलार्म सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। चोरी, लूट एवं डकैती जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं एसओपी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी डायल-112 एवं स्थानीय पुलिस को देने के लिए कहा। साथ ही ग्राहकों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने, बैंक एवं थाना स्तर पर नियमित समन्वय बनाए रखने तथा साइबर अपराध एवं बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति कर्मचारियों एवं ग्राहकों को जागरूक करने हेतु समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी बल दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने बैंक प्रबंधकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात कही। बुरहानपुर पुलिस का यह प्रयास जनता की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुलिस द्वारा उठाए गए इन कदमों से बैंक परिसरों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होने की उम्मीद है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article