कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने बांगई में की जनसुनवाई, पेयजल और स्कूल भवन समस्या के समाधान के दिए निर्देश | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने बांगई में की जनसुनवाई, पेयजल और स्कूल भवन समस्या के समाधान के दिए निर्देश | New India Times

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के सभी 617 आदिवासी एवं पी.वी.टी.जी. ग्रामों में “सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर 18 मई से 25 मई 2026 तक जनभागीदारी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन ग्राम बांगई पहुंचे, जहां उन्होंने जनसुनवाई कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार भी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों से गांव में मूलभूत सुविधाओं, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने गांव के स्कूल भवन के क्षतिग्रस्त होने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश दिए कि विद्यालय भवन की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।

ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से भी अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल निरीक्षण कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनभागीदारी अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बांगई परिसर में कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। अभियान के तहत अधिकारियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान एसडीएम जुन्नारदेव कामिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article