बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस-प्रशासन की समन्वय बैठक संपन्न | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आगामी पर्व ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बुरहानपुर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन में 19 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, बुरहानपुर में समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले की प्रमुख ईदगाहों के संचालकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक का उद्देश्य त्योहार के दौरान व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देना तथा संभावित समस्याओं के समाधान की रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में त्योहार के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं का पूर्व आकलन कर उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। पुलिस, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं जल प्रदाय विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बिजली एवं पानी की निर्बाध आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मुस्तैद रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला पंचायत सीईओ श्री सृजन वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर समस्त थाना प्रभारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम श्री अजमेर गौड़, सिटी मजिस्ट्रेट श्री राजेश पाटीदार, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल, नगर निगम कमिश्नर श्री संदीप श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री नितिन चौहान, श्री प्रवीण ओहरिया सहित शहर के सभी थाना प्रभारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article