संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश की पन्ना पुलिस को ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। समरिया थाना क्षेत्र में नौकरी और मार्कशीट के आधार पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के ग्राम ननौरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर यह भरोसा दिलाता था कि वह उनकी मार्कशीट के आधार पर आसानी से लोन पास करवा देगा और अच्छी नौकरी भी दिला देगा। आरोपी की बातों में आकर कई लोगों ने उसे एडवांस के रूप में बड़ी रकम सौंप दी। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया था।

पीड़ितों की शिकायत के बाद पन्ना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी या लोन दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को एडवांस राशि न दें और किसी भी ऑफर की पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।

