अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल बुकिंग एवं टूर पैकेज के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को लेकर मध्यप्रदेश स्टेट साइबर पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। साइबर पुलिस ने बताया कि ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज, व्हाट्सएप नंबर और गूगल सर्च में नकली लिंक बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि चारधाम हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in से ही करें। इसके अलावा “VIP दर्शन”, “सस्ते पैकेज” और “तुरंत टिकट” जैसे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले ऑफर्स से सावधान रहने को कहा गया है।
साइबर पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि किसी भी होटल या ट्रैवल एजेंसी की बुकिंग करने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म का सत्यापन अवश्य करें। साथ ही गूगल सर्च में दिखाई देने वाले किसी भी अनजान लिंक या विज्ञापन पर तुरंत भरोसा न करें।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी व्यक्ति के निजी मोबाइल नंबर या UPI आईडी पर भुगतान करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, QR Code या APK फाइल को डाउनलोड न करें।
साइबर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91-8394833833 भी साझा किया है। इस नंबर पर “Yatra” मैसेज भेजकर पंजीकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
स्टेट साइबर पुलिस, भोपाल ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
