अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

बिहार के भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु पर क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत और बेली ब्रिज निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसी कड़ी में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) द्वारा कराए जा रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। सचिव ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विक्रमशिला पुल पर मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और यदि कार्य निर्धारित योजना के अनुसार पूरा हुआ तो आगामी 5 जून से छोटी गाड़ियों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। इससे भागलपुर सहित आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, अभियंता एवं BRO के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

