मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत हनोतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास रविवार को तेज़ रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क खून से लथपथ नज़र आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट अशोक मालवी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, 112 डायल के पायलट शिव अमरवंशी व प्रधान आरक्षक दिलीप उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

जुन्नारदेव अस्पताल में डॉ. प्राची साहू ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी के मार्गदर्शन में घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान दो अन्य युवकों ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान चंद्रभान यादव (20 वर्ष), चमन यादव (15 वर्ष) निवासी धाधरा तथा सोनू उईके निवासी हिरदागढ़ के रूप में हुई है। एक अन्य युवक का उपचार जारी है।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
हेलमेट न पहनना बना जानलेवा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। विशेषज्ञों का मानना है कि हेलमेट पहनने से सिर की गंभीर चोटों से बचाव संभव था और शायद इन युवकों की जान बच सकती थी। पुलिस भी लगातार हेलमेट पहनने की अपील कर रही है, लेकिन युवा लापरवाही बरत रहे हैं, जो घातक साबित हो रही है।

