शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन, सोनभद्र के जिला संगठन मंत्री कमलेश कुमार सिंह की बेटी ने तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता खेलो इंडिया के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मंडल में अव्वल स्थान हासिल किया।

बेटी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि शिक्षामित्र समाज और नवोदय विद्यालय समिति का नाम भी रोशन हुआ है। वर्तमान में वह नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत हैं और कक्षा 6 में प्रवेश लेने के बाद से ही पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही हैं।
वह हर वर्ष विभिन्न कक्षाओं में शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में प्रथम स्थान प्राप्त करती रही हैं। उनके पिता कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि नवोदय विद्यालय में प्रवेश के बाद से ही उनकी बेटी की रुचि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़ी है और उसे कभी किसी चीज के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
वहीं, उनकी माता संगीता ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं। जो लोग बेटियों को बोझ समझते हैं, उन्हें अपनी सोच बदलनी चाहिए। बेटियां परिवार का गौरव होती हैं और हर क्षेत्र में नाम रोशन कर सकती हैं।
