खमरिया पंचायत में मनरेगा घोटाले का आरोप: फर्जी मस्टर रोल से सरकारी राशि का दुरुपयोग | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

खमरिया पंचायत में मनरेगा घोटाले का आरोप: फर्जी मस्टर रोल से सरकारी राशि का दुरुपयोग | New India Times

प्रदेश सरकार भले ही भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के बड़े-बड़े दावे कर रही हो लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। सागर जिले की देवरी विधानसभा अंतर्गत केसली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खमरिया में मनरेगा योजना के तहत बड़े स्तर पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक द्वारा बिना काम कराए ही मनरेगा पोर्टल पर फर्जी मस्टर रोल चढ़ाकर मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है। इसके जरिए सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि प्राथमिक माध्यमिक शाला पीर बाबा भटुआ, ग्राम खमरिया में खेल मैदान निर्माण कार्य के नाम पर फर्जी उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि मौके पर कोई भी मजदूर कार्य करता नजर नहीं आया। पंचायत कर्मियों द्वारा कथित रूप से फर्जी फोटो अपलोड कर भुगतान निकालने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें अब तक किसी प्रकार का रोजगार नहीं मिला है, जबकि पंचायत द्वारा अपने करीबी लोगों के नाम पर फर्जी हाजिरी लगाकर राशि निकाली जा रही है। आरोप है कि इस राशि का आपसी बंदरबांट किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि वास्तविक पात्रों को रोजगार मिल सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।

इनका कहना:
प्रतिष्ठा जैन, सीईओ जनपद पंचायत केसली: “आपके द्वारा मामला संज्ञान में आया है, मैं इसकी जांच करवाती हूँ।”

रामफल घोसी, सचिव: “आपको जो उचित लगे, वही खबर में लिख दें।”

बंदना ठाकुर, सहायक सचिव: “मेरे अनुसार कार्य सही तरीके से चल रहा है।”

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article