मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन को दुनिया भर में बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में “रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड” नाम की एक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज़ की शूटिंग छिंदवाड़ा के चार पर्यटन ग्रामों में की गई।
स्पेन से आई टीम ने तीन दिन तक सावरवानी, धूसावानी, चिमटीपुर और तामिया में रहकर पर्यटन गतिविधियों, ग्रामीण एवं आदिवासी संस्कृति सहित पातालकोट में आयोजित आदिवासी विवाह की रस्मों को कैमरे में कैद किया।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी. के नेतृत्व एवं अपर प्रबंध संचालक श्री अभय अरविंद बेडेकर के मार्गदर्शन में प्रदेश की पर्यटन विशेषताओं को शामिल करते हुए इस शूटिंग की समग्र योजना तैयार की गई।
यह फिल्मांकन पूरी तरह डॉक्यूमेंट्री शैली में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है। इस प्रोजेक्ट का निर्माण कलर्स कम्युनिकेशन ग्रुप, स्पेन द्वारा किया जा रहा है और इसे लगभग 80 यूरोपीय देशों में प्रसारित करने की योजना है।
यह पहल मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और स्पेन फिल्म कमीशन के बीच हुए एमओयू को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके तहत मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन के लिए एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में पर्यटन ग्रामों में शूटिंग के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
स्पेन से आए श्री जुआन मार्टिनेज फ्रूटोस, श्री एडुआर्डो निसा वाज़क्वेज़ और श्री लुइस पेसेरो ज़ाम्ब्रानो की टीम ने टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधि आलोक चौबे, सुधेंद्र भारती एवं होम-स्टे परियोजना के छिंदवाड़ा प्रभारी आर.डी. सिद्दीकी के सहयोग से शूटिंग पूरी की।
टीम ने धूसावानी, सावरवानी, चिमटीपुर और तामिया क्षेत्र का भ्रमण कर कई रोचक पलों को अपने कैमरे में कैद किया। पर्यटन ग्रामों में टीम का भावभीना स्वागत किया गया, जिससे वे काफी अभिभूत नजर आए।
शूटिंग टीम ने बताया कि इस फिल्म के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

