गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

नर्स दिवस के अवसर पर मालनपुर के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और कंपाउंडरों का ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों द्वारा पट्टिका पहनाकर एवं उपहार देकर सम्मान किया गया। इस दौरान उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

ब्रह्माकुमारी अनामिका बहन एवं डॉक्टर राधा बहन ने सभी की प्रशंसा करते हुए कहा, “नर्स वह फरिश्ता है जो बिना पंखों के उड़ान भरती है। वह दूसरों के दर्द को अपना बनाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाती है।” उन्होंने कहा कि नर्सों की सेवा वास्तव में अत्यंत सराहनीय होती है।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, लेकिन मरीजों की हर समय सेवा कर उन्हें स्वस्थ बनाने में नर्सों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

मालनपुर ब्रह्माकुमारी संस्थान की संचालिका ज्योति बहन ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सेवाओं को कोटि-कोटि नमन किया। वहीं ब्रह्माकुमार प्रसाद भाई ने डॉक्टरों का पट्टिका पहनाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर परमात्मा का स्मरण किया और उनका धन्यवाद व्यक्त किया।

