तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

साँची विधानसभा क्षेत्र में रामनवमी का पावन पर्व इस वर्ष विशेष उत्साह, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे क्षेत्र में निकाले गए भव्य चल समारोह ने लोगों का मन मोह लिया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
चल समारोह के दौरान स्थानीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर पहुंचे विधायक ने तलवारबाज़ी का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि वहां मौजूद लोग दंग रह गए। तलवार चलाने में उनकी फुर्ती, संतुलन और कौशल ने माहौल को रोमांचित कर दिया। खास बात यह रही कि तलवारबाज़ी में माहिर युवाओं के बीच भी उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा।
विधायक के इस प्रदर्शन पर लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। जुलूस के दौरान जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
चल समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों और छतों पर खड़े नजर आए। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा और समरसता बनाए रखने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
रामनवमी के इस भव्य आयोजन में विधायक के तलवारबाज़ी प्रदर्शन की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही, जिसे लोगों ने इस वर्ष के उत्सव की सबसे खास झलक बताया।

