इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

जलगांव जिले के चोपड़ा तालुका स्थित नारोद गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। यह घटना 20 मार्च की रात अडावद पुलिस थाना क्षेत्र के गुंढदेवी केटी बंधारे के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रोहन पानाचंद पाटील (32) नशे का आदी था और शराब व गांजा के सेवन के बाद अक्सर परिवार के सदस्यों से विवाद करता था। उसके इस व्यवहार से परिवार के लोग परेशान थे। घटना वाले दिन रोहन ने अपने बड़े भाई सुनील उर्फ किरण पानाचंद पाटील (36) से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे। पैसे न मिलने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर सुनील अपने भाई को गांव के पास स्थित केटी बंधारे तक ले गया, जहां उसने पहले उसका गला दबाया और फिर सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे स्थानीय पुलिस पाटिल ने अडावद पुलिस को बंधारे के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर बड़े भाई को हिरासत में लिया गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मृतक की मां की शिकायत पर अडावद पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रमोद वाघ द्वारा की जा रही है।

