शरीफ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

सोनभद्र जिले की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी ने महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में उन्होंने जिले की मेधावी छात्राओं को सफलता के ‘मंत्र’ दिए और अपने जीवन के अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी ने छात्राओं से खुलकर बातचीत की। उन्होंने अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। उनके प्रेरक विचारों से छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं और इसे अपने जीवन के लिए नई दिशा बताया।
इस प्रेरणादायक सत्र में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आई करीब 15 छात्राएं शामिल हुईं। इनमें प्रमुख रूप से संस्कृति सिंह, सानिया खातून, मुस्कान खातून, नेहा मौर्या, खुशबू, रागिनी, आर्या पांडेय, नंदिनी नरेश चंदक, निधि नरेश चंदक सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहीं।
सीडीओ से मुलाकात के बाद छात्राओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलक रहा था। छात्राओं ने कहा कि एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से इस तरह व्यक्तिगत मार्गदर्शन पाकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। सीडीओ की इस पहल की शिक्षा जगत और जिले के बुद्धिजीवियों द्वारा सराहना की जा रही है।

