आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:
भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित करीब 17 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे चौरई-असवार मार्ग पर वीरेंद्र सिंह तोमर की कोठी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार इकमिली गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दतिया जिले के सेवढ़ा स्थित सिंध नदी के सनकुआं घाट से कलश यात्रा के लिए जल लेने जा रहे थे। गांव में बघेल समाज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाना था, जिसके लिए महिलाएं और ग्रामीण जल लेने निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक बृजमोहन अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में क्षमता से अधिक करीब 30 से 35 लोग सवार थे। ट्रॉली पलटते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उसके नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।
हादसे में 61 वर्षीय फूलवती पत्नी भोगीराम बघेल निवासी इकमिली की मौत हो गई। वहीं फूलादेवी, अमित बघेल, विवेक बघेल, आशा देवी, गुड्डी देवी, अंकुश, विशाल, अंकित, रोशनी, फुलकुंअर, गौरा देवी, श्यामकुंअर, ढकेली देवी, पुष्पा देवी, नीलम, अजय और देवू सहित 17 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस का बयान
असवार थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

