मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति (RKS) की बैठक एसडीएम कामिनी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से जिला सीएमएचओ, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, पार्षदों और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी सहित अस्पताल के डॉक्टर मौजूद रहे।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा और मंथन किया गया। इस दौरान पोस्टमार्टम केंद्र की दूरी और जर्जर हालत के कारण हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पोस्टमार्टम केंद्र के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार बढ़ाने की बात कही गई।
बैठक में स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से सर्पदंश के मामलों को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। नगर पालिका से अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने, अतिरिक्त रसोई कक्ष बनाने और बड़े पेड़ों की छंटाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की मांग भी रखी गई।
इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग को अवगत कराने की बात कही गई, ताकि अस्पताल को 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो सके। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल परिसर में एक नया बोर करवाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अस्पताल परिसर में गुटखा या पाउच खाकर थूकने वालों पर ₹100 का जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

