अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

पानी संस्थान द्वारा संचालित आरोही किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 11 मार्च 2026 को खुनियांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोनरा मोड़ के मैदान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में खुनियांव ब्लॉक की 80 ग्राम पंचायतों से आई किशोरियों, सेवादाताओं तथा समुदाय के लोगों सहित कुल 1040 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के प्रधान, मिश्रौलिया थाना के सब-इंस्पेक्टर रामदास, बबुना यादव, धर्मराज, कांस्टेबल आमिर अली और अनुपम सहित चांद गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तनवीर अहमद तथा भीमराव अंबेडकर स्कूल के प्रबंधक रविंद्र कुमार, एएनएम, आशा बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, महिला प्रधान और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पानी संस्थान से जुड़ी किशोरियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागी किशोरियों ने अपने कौशल, अनुशासन और उत्साह का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया और संस्थान का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान आरसीसी संदीप ने आरोही किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम की गतिविधियों और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं आरसीएफ अर्चना ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पानी संस्थान द्वारा ग्राम पंचायत की महिला प्रधानों और समुदाय की सहयोगी महिलाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली किशोरियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस आयोजन में पानी संस्थान की परियोजना समन्वयक स्मृति, एमआईएस अंकुर, अकाउंटेंट हेमंत, आरसीसी संदीप तथा क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र, वीर बहादुर, कल्पना, आयुषी, प्रियांशी, प्रिया, राजकुमार, सुनील और आमिर सहित अन्य कार्यकर्ता व आरसीएफ बहनें भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए प्रेरित करना तथा समाज में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस सफल आयोजन ने क्षेत्र की किशोरियों और महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।

