झुंझुनूं में ईमानदारी की मिसाल: टैक्सी ड्राइवर और ट्रैफिक पुलिस ने महिला का खोया पर्स सुरक्षित लौटाया | New India Times

अशफ़ाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

झुंझुनूं शहर में ईमानदारी की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है, जहां एक टैक्सी ड्राइवर और यातायात पुलिस की सजगता से एक महिला का खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस मिल गया।
जानकारी के अनुसार टिप्पणी गांव की रहने वाली पूजा कंवर राठौर, जो वर्तमान में अपने पति और परिवार के साथ लाडनूं (नागौर) में रहती हैं, एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए झुंझुनूं आई थीं। शहर में आवागमन के दौरान उनका पर्स एक टैक्सी में कहीं गिर गया।
बताया जा रहा है कि पर्स में करीब 8 हजार रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और कुछ कीमती सामान रखा हुआ था। यह पर्स टैक्सी चालक रविंद्र कुमार को इंदु हॉस्पिटल के सामने मिला। ईमानदारी दिखाते हुए रविंद्र कुमार ने पर्स को सीधे ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला के पास पहुंचा दिया।

विजिटिंग कार्ड से मिला सुराग
ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने टैक्सी ड्राइवर की मौजूदगी में पर्स की जांच की। पर्स में आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तो मिले, लेकिन महिला का मोबाइल नंबर नहीं था।
हालांकि पर्स में एक ज्वेलर का विजिटिंग कार्ड मिला, जिस पर लिखे नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया। ज्वेलर लाडनूं का ही रहने वाला था। उसने महिला के परिवार के संपर्क नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए।

परिजनों को दी सूचना
इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पूजा कंवर राठौर अपने परिवार के साथ ट्रैफिक ऑफिस पहुंचीं, जहां पुलिस और टैक्सी ड्राइवर की मौजूदगी में उन्हें उनका पर्स और उसमें रखी पूरी रकम सुरक्षित लौटा दी गई।
इस घटना के बाद महिला और उनके परिवार ने टैक्सी ड्राइवर रविंद्र कुमार और ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी दोनों की ईमानदारी और जिम्मेदारी की सराहना की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article