मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव में स्थानीय ग्रामीणों और भू-स्वामी परिवारों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें डब्ल्यूसीएल द्वारा कोल वॉशरी से हिरदागढ़ तक बनाए जा रहे सोलर प्लांट के कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम डुंगरिया, भरदागढ़ से लेकर तराक हिरदागढ़ तक की भूमि वर्ष 1984-85 में रेलवे ट्रैक निर्माण के लिए अधिगृहित की गई थी। वर्तमान में उक्त रेलवे ट्रैक को हटाकर बिना ग्रामीणों को जानकारी दिए उसी भूमि पर सोलर प्लांट का निर्माण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान भूमि पर लगे पेड़ों की अवैध कटाई भी की जा रही है, जो पेसा एक्ट का उल्लंघन है। उन्होंने इसे आदिवासी किसानों की भूमि पर अनाधिकृत कार्रवाई बताते हुए नाराजगी जताई।
भू-स्वामियों ने मांग की है कि संपूर्ण मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक सोलर प्लांट निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

