यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय धौलपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत पॉलीथिन एवं अन्य कचरे को उठाकर सफाई की। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या अर्चना मिश्रा ने विद्यार्थियों को अपने जीवन में सेवा एवं अनुशासन का महत्व बताया। उन्होंने वोलंटियर को कहा कि समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए हमेशा तत्परता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्कूल परिसर में सह शिविर प्रभारी भगवान सिंह मीना के साथ मिलकर चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना की। शिविर में छात्राओं ने कमरों की साफ सफाई एवं वृक्षों में पानी डालने,गुड़ाई करने तथा खाद आदि डालने का कार्य किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य उमा रैपुरिया ने छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना का महत्व समझाया। सह प्रभारी भगवान सिंह मीना ने छात्राओं द्वारा किए जाने वाले दलों की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत कर सात दिवसीय शिविर का हर दिन किए जाने वाले कार्यों के विभाजन पर प्रकाश डाला। सभी वोलंटीयर बालिकाओं को नाश्ता आदि खिलाया। इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक ममता दीक्षित,रेखा शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
