पवन परुथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार तीसरे दल भी पूरी ताकत लगा रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी भी इस बार विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने की तैयारी में है। ग्वालियर में 1 जुलाई को पार्टी की बड़ी रैली होने वाली है। इस महा रैली के साथ ही आप पार्टी मध्य प्रदेश में चुनावी शंखनाद करेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ग्वालियर में रैली और सभा करेंगे। वहीं इससे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीएस जून और प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रेस वार्ता ली।
अरविंद केजरीवाल की सभा की तैयारियों के संबंध में ग्वालियर पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली विधायक बीएस जून आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल एवं पंजाब से विधायक एवं चंबल प्रभारी शैरी कैल्सी ने ग्वालियर के निजी होटल में पत्रकार वार्ता आयोजित करते हुए अरविंद केजरीवाल की सभा को लेकर जरूरी जानकारी साझा की। उन्होंने दावा किया कि इस सभा में एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
