मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन बुरहानपुर के शहर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता ज़हीर उद्दीन शेख़ के नेतृत्व में एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्टर बुरहानपुर को एक ज्ञापन सौंप कर बुरहानपुर के तत्कालीन तहसीलदार महेश बडोले के विरुद्ध विभागीय जांच में आयुक्त इंदौर संभाग इंदौर को बुरहानपुर से भेजे गए लगभग 200 वक्फ संपत्तियों के दस्तावेज को तत्काल बुलाने हेतु ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2012-13 में बुरहानपुर के तत्कालीन तहसीलदार श्री महेश बड़ोले द्वारा वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड में तथाकथित लोगों से मिलीभगत करके, हेराफेरी करके शासकीय संपत्ति में खसरे से विलोपित करके निजी संपत्ति घोषित करके घोटाला किया था। उसकी विभागीय जांच तत्कालीन कलेक्टर द्वारा आयुक्त महोदय के माध्यम से कराए जाने से तत्कालीन तहसीलदार को दोषी पाया गया था। उक्त जांच में बुरहानपुर जिले की लगभग 200 संपत्ति के रिकॉर्ड इंदौर भेजे गए हैं। उक्त 200 वक्फ संपत्तियों को तत्कालीन तहसीलदार द्वारा निजी संपत्ति घोषित कर दिए जाने से उक्त वक्फ संपत्तियों का क्रय-विक्रय आम हो गया है। जिसके कारण वक्फ संपत्तियों को क्षति पहुंच रही है और वक्फ हितेषीयों का मनोबल टूट रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जांच में इंदौर भेजे गए रिकॉर्ड को तत्काल वापस बुलाने की मांग की गई है।
