अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी पुलकित खरे व मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा की गई व मार्च माह में आयोजित हुए पोषण पखवाड़ा में मथुरा जनपद को प्रथम स्थान दिलाने में योगदान करने वाले अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प के लिए अभियान शुरू किया गया जिसके संबंध में सभी एडीओ पंचायत को जिलाधिकारी मथुरा ने 100 ऐसी ग्राम पंचायतें जिनमें कुपोषित श्रेणी के सर्वाधिक बच्चे हैं उन्हें चिन्हित कर जिला स्तरीय अधिकारियों एवं एडीओ के माध्यम से कुपोषण मुक्ति के लिए विशेष प्राथमिकता देने हेतु जोर दिया गया। सभी ईओ को नगर क्षेत्रों में प्राइवेट स्थल पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने हेतु स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी मथुरा जनपद में चिन्हित किए गए निरंतर सैम बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने हेतु किए गए प्रयासों के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारियों की सराहना की गई। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कुपोषित बच्चे हैं वहां अधिकारियों द्वारा सबसे ज्यादा निरीक्षण किए जाएं।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय वर्मा, जिला वन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी, जिला आयुष अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सुशील तिवारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडेय, बाल विकास परियोजना अधिकारी योगेंद्र सिंह अशोक सिंह व छवि शर्मा, समस्त एडीओ पंचायत, समस्त ईओ, मुख्य सेविका व अन्य उपस्थित रहे।
