स्व. श्रीमती राठौर की स्मृति में अनुकरणीय सेवा कार्य,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को व्हीलचेयर भेंट, मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:


झकनावदा क्षेत्र में सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है। स्वर्गीय श्रीमती बरखा कुँवर राठौर (पत्नी श्री संजय सिंह राठौर, सी.एम.ओ. नयागांव, नीमच) की पावन स्मृति में उनके पुत्र अमन सिंह राठौर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक व्हीलचेयर भेंट की गई। इस सेवा कार्य से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

व्हीलचेयर का औपचारिक हस्तांतरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एम.बी.बी.एस. चिकित्सक डॉ. शोभित शुक्ला को किया गया। इस अवसर पर अमन राठौर ने कहा कि उनकी माताजी जीवनभर सेवा और करुणा के भाव से जुड़ी रहीं। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया गया है, ताकि बुजुर्ग, दिव्यांग एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल परिसर में आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

डॉ. शोभित शुक्ला ने इस पुनीत पहल के लिए राठौर परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्हीलचेयर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस सहयोग से मरीजों को उपचार के दौरान काफी सुविधा मिलेगी और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने स्वर्गीय श्रीमती बरखा कुँवर राठौर के सेवा भाव, संस्कारों और मानवीय दृष्टिकोण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं।

स्थानीय नागरिकों एवं अस्पताल स्टाफ ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जा सकता है। स्वर्गीय माताजी की स्मृति में किया गया यह कार्य न केवल भावनात्मक श्रद्धांजलि है, बल्कि जरूरतमंदों के लिए एक स्थायी सहारा भी सिद्ध होगा।

इस अवसर पर लेब टेक्नीशियन आत्माराम कुशवाह, रवि मावी, भूपेंद्र डामेचा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article