वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

सेव एनवायरनमेंट ब्रिगेड यानी पर्यावरण संरक्षण बल ने वर्ष 2010 से 2017 तक वृक्षारोपण अभियान व कायाकल्प अभियान के माध्यम से और नगर पालिका परिषद के सहयोग से त्रिलोक गिरि मार्ग स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क का कायाकल्प किया।पूर्व में यह पार्क अत्यंत दुर्दशापूर्ण स्थिति में था जिसमें न तो वृक्ष थे और न ही झूले सही थे। संस्था के नेतृत्वकर्ता प्रशांत मणि शुक्ला व मिलिन्द शुक्ला के नेतृत्व में आकाश नारायण अवस्थी, ध्रुव सेठी, शैलजीत पटेल, शिखर सहित सदस्यों ने बदलाव की बयार ला दी व आज पार्क में सावन के अवसर पर आने वाले कावड़ियों के लिए भी यह पार्क वरदान साबित हो रहा है। एसईबी के सह संस्थापक मिलिन्द शुक्ला ने बताया कि मुखर्जी पार्क में 2009 से ही हमने कार्य करना प्रारंभ किया था, जिसने वर्ष 2011 में व्यापक रूप लिया व वर्ष 2017 के मध्य में यह पार्क पेड़ों व वृक्षों की हरियाली से शोभा पाने लगा था। इसके कायाकल्प में नगर पालिका अध्यक्ष व प्रशासन, पार्क के माली और सफाई कर्मियों का भी प्रमुख सहयोग रहा है साथ ही हमारे संगठन की शक्ति व मेहनत का परिणाम यह नगर का एकमात्र पार्क है जो आज सुंदरता से परिपूर्ण है। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष आकाश ने बताया कि संस्था के अथक प्रयास व अभियानों से यह पार्क आज सुंदर व हर भरा हो सका है।
ज्ञात रहे कि संस्था ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता रैली, तीर्थ सफाई अभियान, वृक्षावरण अभियान, पॉलीथिन बहिष्कार अभियान, प्राणवायु अभियान जैसे सफल अभियानों से पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान दिया। अब तक संस्था ने 1500 से अधिक वृक्षों का रोपण किया है। ऐसे युवा संगठनों से नगर में बदलाव की आशा सदैव रहती है जो इन्होंने सफलतापूर्वक करके दिखाया है व ऐसे संगठन नए भारत की संकल्पना को साकार करने में अहम स्थान रखते हैं। यह साबित किया है कि प्रशासन के साथ मिलकर बड़े से बड़े परिवर्तन किए जा सकते हैं जिसका प्रत्यक्ष गवाह मुखर्जी पार्क है।
