ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डग्गी सहित रेत जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में संगठित अपराध के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री मती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
टीआई कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 मार्च 2026 को ग्राम पसला स्थित सोन नदी घाट पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान एक डग्गी (क्रमांक CG15DY3089) में लगभग 5 घन मीटर रेत परिवहन करते हुए चालक सूरज उर्फ सोनू पटेल (उम्र 21 वर्ष, निवासी पसला) को रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके पर वाहन जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि यह रेत चोरी कर अक्षय प्रताप सिंह (निवासी ग्राम पसला) द्वारा लोड कराई गई थी। इस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 165/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धारा 112(2) के अंतर्गत संगठित अपराध भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ पहले से ही रेत चोरी के दो मामले दर्ज हैं। बार-बार अपराध करने के कारण इस बार सख्त कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक गोविंद प्रसाद पनिका, सतानंद कोल, प्रधान आरक्षक राजकुमार साहू एवं आरक्षक अमित मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

