वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जिले में वर्षों से प्रतीक्षित ओवरब्रिज और यातायात सुधार का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। लगातार प्रयास और मजबूत पैरवी के बाद सीडीओ अभिषेक कुमार ने शासन से कृष्णा टॉकीज ओवरब्रिज (लेवल क्रॉसिंग संख्या-121) को मंजूरी दिलाई है।

इससे पहले संकटा देवी से लालपुर बैरियर तक फोरलेन सड़क को स्वीकृति मिल चुकी थी, लेकिन रेलवे ओवरब्रिज की अनुमति न मिलने के कारण परियोजना अधर में लटकी हुई थी। अब दोनों मंजूरियों के साथ यह परियोजना लखीमपुर खीरी में विकास और जनकल्याण का नया प्रतीक बनेगी।

इस मेगा प्रोजेक्ट के पीछे सीडीओ अभिषेक कुमार की दूरदृष्टि और निरंतर प्रयास निर्णायक साबित हुए। उन्होंने शहर के मुख्य मार्गों की स्थिति और जाम की समस्या को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। कई दौर की बैठकों, तकनीकी रिपोर्टों और समन्वय के बाद अंततः शासन से स्वीकृति मिल गई।

जाम से राहत, रफ्तार को मिलेगी आज़ादी
कृष्णा टॉकीज क्रॉसिंग पर घंटों लगने वाला जाम अब खत्म होने की ओर है। हजारों वाहन रोज इस चौराहे से गुजरते हैं और अक्सर रेलवे फाटक बंद होने पर लंबी कतारें लग जाती हैं। फोरलेन सड़क और आरओबी बनने के बाद न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि शहर के मुख्य मार्गों पर दबाव भी कम होगा।

बताते चलें कि संकटा देवी चौराहे से लेकर लालपुर बैरियर तक 3.65 किलोमीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े फोरलेन मार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही इस मार्ग पर शहर की सबसे व्यस्त कृष्णा टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग पर थ्री-लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी किया जाएगा।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सड़क या पुल बनाना नहीं, बल्कि हर नागरिक का जीवन आसान और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने का मकसद यही है कि लोग जाम में न फंसे, शहर की रफ्तार बनी रहे और हर स्तर पर विकास दिखाई दे। यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि लखीमपुर खीरी के नागरिकों के लिए सुविधा, सुरक्षा और प्रगति का प्रतीक है, जो जिले के विकास को नई गति देगा।

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.