गुलज़ार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
एक तेज रफ्तार गैस टैंकर ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी और तेजी से भागने की कोशिश में एक गर्भवती घोडी को भी कुचल दिया, जिससे दो बाइक सवारों और घोडी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार भोंगाव मैनपुरी रोड पर पवार ग्रिड के निकट भोंगाव की ओर से जा रहे पल्सर सवार तीन युवकों को सामने से आ रहे इण्डेन गैस के खाली टैंकर ने जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने शवों को मोर्चरी भिजवाया जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवकों के पास से मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचना दे दी गयी। पुलिस ने बताया कि राजू उर्फ राजकुमार चौहान पुत्र वीरपाल व इंद्रजीत उर्फ सोनू पुत्र पूरन सिंह चौहान की मौके पर मौत हो गयी, जबकि विपिन कुमार पुत्र भूरे सिंह गंभीर रूप से घायल है, सभी युवक एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर गढ़ी के निवासी हैं। घायल विपिन की हालत नाजुक देख चिकित्सको ने उसे आगरा रेफर कर दिया है।
घटना के बाद बदहवास टैंकर चालक ने भागने के चक्कर में आगे चलकर सड़क किनारे घास चर रही एक घोडी को भी टक्कर मार दी जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गयी। घोड़ी मालिक अजित यादव ने बताया कि उनकी घोडी की कीमत दो लाख रूपए थी, साथ ही उन्होंने बताया कि घोड़ी 8 माह की गर्भवती थी, घटना की रिपोर्ट नगला सुखू निवासी घोड़ी मालिक अजीत यादव ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई है। थाना पुलिस ने टैंकर व उसके चालक हिरासत में लिया है।
