अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जो हाईवे रोड से निकलने वाले वाहनों को बाजार दर से काफी सस्ते दाम में अवैध रूप से बायोडीजल सप्लाई करता था।
मिली जानकारी के अनुसार थाना अपराध शाखा की टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि थाना ईटखेडी अन्तर्गत लाम्बाखेडा बायपास पर मेन रोड के किनारे स्थित बजरंग ट्रेडर्स का मालिक महेश मीणा पिता कामता प्रसाद मीणा उम्र 42 साल निवासी म.न. 73 पूजा कालोनी मेन रोड, थाना निशातपुरा भोपाल का अवैध रूप से बायो डीजल का संग्रहण किये हुए है तथा अपने निजी छोटे – छोटे टैंकरो के माध्यम से हाईवे रोड से निकलने वाले वाहनों को बाजार दर से काफी सस्ते दाम में अवैध रूप से बायोडीजल सप्लाई करता है।

प्राप्त सूचना की तस्दीक पर थाना अपराध शाखा की टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराया तथा निर्देश प्राप्त होने पर क्राईम ब्रांच की टीम के द्वारा बजरंग ट्रेडर्स पर जाकर तस्दीक किया तथा पाया की महेश मीणा के द्वारा अलग अलग स्थानों पर छोटे – छोटे ड्रम टंकियों तथा डिब्बो एंव टैंकर में तकरीबन 30,000 लीटर अवैध रूप से बायोडीजल का संग्रहण किये हुए मिला इसके अतिरिक्त वहाँ पर डीजल खाली करने के पम्प, मोटर, खाली ड्रम व लीटर सम्बंधी माप मिले जिसके संबंध में कार्यवाही हेतु खाद्य अधिकारियों की टीम को अवगत करावाया गया जो मौके पर उपस्थित आये जिनके द्वारा उक्त संबंध में कार्यवाही की जा रही है। सम्पुर्ण कार्यवाही में थाना क्राईम ब्रांच भोपाल की टीम का विशेष सराहनीय भुमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियो द्वारा उक्त कार्यवाही में शामिल टीम को पुरुस्कृत करने की घोषणा की गई है।
