‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में 163 आवेदनों का मौके पर निराकरण, ₹12 लाख की अनुग्रह सहायता स्वीकृत | New India Times

रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ पहल के अंतर्गत दमुआ नगर पालिका द्वारा नवीन बस स्टैंड में विशाल जन-शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ दिलाते हुए विभिन्न आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती किरण खातरकर एवं उपाध्यक्ष सुरेश कश्यप (बबुआ) की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक नत्थनशाह कवरेती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही मंडल अध्यक्ष सोनू पाटिल, योगेश साहू, मनेश श्रीवास्तव, सभापति एवं सभी वार्डों के पार्षदगण मौजूद रहे।

एक ही छत के नीचे 25 स्टॉल, 163 आवेदनों का तत्काल निराकरण

शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित कुल 25 स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। दिनभर में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 163 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया।

संबल अनुग्रह सहायता योजना: सामान्य एवं दुर्घटना मृत्यु के 5 प्रकरणों में हितग्राहियों को ₹12 लाख की अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 33 तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के 21 आवेदन स्वीकृत किए गए।

सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन: संबल योजना के 35 नवीन पंजीयन तथा पेंशन योजना के 11 आवेदनों का निराकरण किया गया।

अन्य योजनाओं के अंतर्गत: पी.एम. स्वनिधि योजना के 10, प्रधानमंत्री आवास योजना के 7 आवेदन स्वीकृत किए गए। नवीन नल कनेक्शन के 12, विवाह प्रमाण-पत्र के 12 तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र के 13 आवेदनों का भी त्वरित निराकरण किया गया।

शिविर के सफल समापन पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी अजय ठाकरे ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितग्राहियों का आभार व्यक्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.