संजय गुप्ता, देवरी ( मप्र ), NIT;
भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर तमाम तरह के प्रयासों के बाद भी भ्रष्टाचार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।पमप्र के देवरी में योजना में हितग्राही के खाते में पैसा जाने के बाद भी सचिव एवं सहायक सचिव योजना के नाम पर पैसा वसूल ही लेते हैं।
मामला ग्राम पंचायत ईश्वरपुर के ग्राम रानीताल का है। ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल पांडे जनपद अध्यक्ष कु आंचल एवं पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राम कुमार यादव का नाम सूची में 15 स्थान पर है लेकिन सचिव राम अवतार यादव एवं सहायक सचिव विनोद विश्वकर्मा द्वारा 10 हज़ार रुपये मांगे जाने पर मेरे द्वारा नहीं दिए गए और मेरा अभी तक आवास नहीं बन पाया। इसी प्रकार रामकुमार यादव ने सीईओ को बताया कि समग्र आईडी में संशोधन करने के लिए सचिव रामअवतार यादव एवं सहायक सचिव विनोद विश्वकर्मा ने उनसे क्रमशः 500 रुपये एवं 2 हजार रुपये मांगे पैसा देने के बाद भी समग्र आईडी में संशोधन नहीं हो पाया जिसके चलते उनके बच्चों को प्रवेश नहीं मिला। ग्रामीणों द्वारा सीओ एवं जनपद अध्यक्ष को ग्राम के संबंध में अन्य समस्याएं भी बताई गई जिसमें सड़क संबंधी समस्या हैंडपंप में सुधार आदि शामिल है।
2 हजार नहीं दिए तो नहीं बन पाया शौचालय
ग्राम पंचायत ईश्वरपुर के ग्राम रानीताल के निवासी रानू यादव ने जनपद अध्यक्ष आँचल मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल पांडे एवं पत्रकारों को बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत सचिव राम अवतार यादव एवं सहायक सचिव विनोद विश्वकर्मा द्वारा 2 हजार रुपए मांगेएगए, पैसा न देने के कारण उनका शौचालय नहीं बनाया गया। इसी प्रकार कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 1 वर्ष पूर्व पंचायत द्वारा शौचालय के गड्ढे खोद कर डाल दिए गए हैं लेकिन आज तक शौचालय नहीं बनाया गया। सीईओ राहुल पांडे एवं जनपद अध्यक्ष आँचल ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह शीघ्र ही सहायक सचिव विनोद विश्वकर्मा ही की सेवाएं समाप्त करेंगे।
