सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
भोपाल के दशहरा मैदान में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों का सत्याग्रह जारी है।मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान पुलिस गोली चालन में हुई मौत तथा लगातार किसानों द्वारा आत्महत्या किये जाने को लेकर शिवराज सरकार के खिलाफ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को सिंधिया ने कहा कि, सरकार कर्ज माफी का ऐलान क्यों नहीं करती है? किसान परेशान हैं, उन्हें राहत देने के लिए कर्ज माफी होनी चाहिए। कार्यक्रम में हुए बदलाव के बाद बुधवार को शुरू हुआ सत्याग्रह शुक्रवार 3 बजे तक भोपाल में चलेगा, इसके बाद सभी नेता खरगौन (खलघाट) के लिए रवाना होंगे जहां सत्याग्रह का समापन होगा।
सिंधिया ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह छल-कपट वाली सरकार है। किसानो के नाम सरकार बनी, लेकिन इसे किसानों की फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिल जाता, संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा सरकार किसानों के साथ साहूकारों की तरह व्यवहार कर रही है। किसानों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उनके घरों में घुसकर लठों से पीटा यह कैसी सरकार है। सिंधिया ने कहा कि वो पब्लिक स्कूल में पढ़े हैं। वहां सिखाया जाता है कठिन से कठिन परिस्थितियों में कैसे काम करना है। हम अच्छी तरह जानते हैं कि इस परिस्थिति से किस तरह निपटा जाए। हम किसानों को उनका न्याय दिलाकर रहेंगे। देखते हैं यह सरकार कब तक किसानों को नजरअंदाज करती रहेगी। उन्होंने कहा सरकार किसानों के साथ साहूकारों की तरह व्यवहार कर रही है।
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के सत्याग्रह में पार्टी के सभी दिग्गज एक मंच पर आएंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कमलनाथ खरगौन जिले के खलघाट में शनिवार को 72 घंटे के सत्याग्रह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
