अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, जबलपुर/ भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के जबलपुर से शोसल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिस में कुछ लोग एक युवक को सरेआम बड़ी बेरहमी से पिटाई करते हुऐ दिख रहे हैं वहीं ज्यादातर लोग मूकदर्शक बनकर मोबाइल पर वीडियो भी बनाते नज़र आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ऑटो चालक अजीत विश्वकर्मा (23) निवासी चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड 11 अक्टूबर को शाम 4.15 बजे कंचनपुर से लोहे से बनी सेंटिंग की प्लेटें लोड कर ऑटो (MP 20 LB 2370) से लालमाटी जा रहा था। इसी बीच अधारताल थाना क्षेत्र के शोभापुर ओवरब्रिज की साइड रोड पर मोपेड पर सवार दो युवतियां अचानक ऑटो के सामने आ गईं जिससे मोपेड और आटो में भिड़ंत हो गई। उसी समय पीछे से लाल रंग की कार पहुंची जिसमें सवार अभिषेक उर्फ गुणी दुबे तथा चंदन सिंह उतरकर उसके पास पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
मामूली सड़क हादसे के बाद ऑटो चालक से ऐसी मारपीट की गई कि देखने वालों की रूह कांप गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक को बेहोश होने तक बेरहमी से पीटा गया। बेहोशी की हालत में सेंटिंग की प्लेटें उस पर पटकी गईं। ऑटो चालक को उठा- उठाकर सड़क पर पटका गया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक बहुगुणा ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ।उनका कहना है कि सड़क हादसे के बाद ऑटो चालक के मारपीट की घटना को गंभीरता से लिया गया है। ऑटो चालक की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
