राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले की देवरी विधानसभा में बुधवार की सुबह से जारी बेमौसम बरसात तथा भारी मात्रा में ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही जनजीवन भी प्रभावित हुआ। आज सुबह से आसमान पर काले बादल छाए होने के साथ तेज हवा, बारिश तथा ओले गिरने से मौसम अचानक बदल गया। इस बेमौसम बारिश और ओले गिरने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के साथ ओले गिरने से रबि की फसलें गेंहू, चने की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

आज सुबह से ही मौसम ने ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास कराया। असमय भयंकर बारिश से किसान बेहाल है। किसानों को अपनी फसलों में भारी नुकसान की आशंका है। देवरी विधानसभा के केसली, गौरझामर, शालावारा, मढ़ीजमुनिया, खामखेड़ा, सरखेड़ा,
जैतपुरकछिया, गंगवार, गुगवारा, सिलारपुर, सुजानपुर, चरगवां, सोनपुर, सर्राफ, नयाखेड़ा, मिर्जापुर, नयानगर, डोमा जैतपुर, सहजपुर, मुआर, महाराजपुर, देवरी, केसली ब्लॉक के कई गांवों में रबी की फसलों को बहुत नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल करें सर्वे: मंत्री हर्ष यादव
आज देवरी में असमय वर्षा एवं ओला वृष्टि के कारण प्रभावित कृषकों को सरकार द्वारा हर संभव मदद दिलाए जाने का प्रयास किया जाएगा। इस विपदा की घड़ी में सरकार किसानों एवं ग्रामीण जनों के साथ खड़ी है। तहसील, अनुभाग के सभी अधिकारियों से अनुरोध है कि तत्काल ओला प्रभावित क्षेत्रों में जांच करा कर, प्रभावित ग्रामों के सर्वे का कार्य तीव्रता से कराया जाये तथा प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति के लिए क्षति का आंकलन करते हुए राहत के प्रकरण तैयार किए जाएं।
