ए.के.शर्मा, मथुरा/लखनऊ (यूपी), NIT:

रविवार को भारतीय किसान यूनियन भानु की ओर से देवीपुरा स्थित ठाकुर मुकेश सिंह सिकरवार के सभागार में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें यूनियन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ठाकुर किरनपाल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता हरेश ठेनुआं ने कहा कि गत 6 मार्च को ओलावृष्टि से बर्बाद हुई किसानों की फसल को लेकर संगठन के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष देवेंद्र पहलवान के नेतृत्व में जिलाधिकारी मथुरा को ज्ञापन देने गए। उन्होंने ज्ञापन लेते वक्त संगठन के पदाधिकारी और किसानों से हददर्जे की बदसलूकी की। पीड़ा को दबाने के लिए संगठन के पदाधिकारी और किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवा दिए। किसान विरोधी जिलाधिकारी की तानाशाह कार्यप्रणाली को लेकर चुप नहीं बैठा जाएगा। 12 मार्च को पूरे प्रदेश में उप जिलाधिकारियों के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपकर मथुरा के जिलाधिकारी को बर्खास्त किए जाने की मांग की जाएगी। 18 मार्च को मथुरा जनपद में राष्ट्रीय महापंचायत का आयोजन होगा। जिसमें जिलाधिकारी को बर्खास्त किए जाने, ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिए जाने, किसानों पर लगाए गए झूंठे मुकदमे निरस्त किए जाने की मांग जोरशोर से उठाई जाएगी। आगामी रणनीति भी तय होगी। भाकियू -भानु जिलाधिकारी से आरपार करके ही दम लेगी। इस अवसर जिलाध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर गीता भाटी, राष्ट्रीय सचिव धीरज ठाकुर, जिलाध्यक्ष मथुरा देवेंद्र पहलवान, महानगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश सचिव बंटी प्रधान, प्रदेश महासचिव रामवीर सिंह तौमर, प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश ऋषिराज सिंह, मंडल महासचिव राजेश राणा, लाखन चौहान, आदित्य ठाकुर, कुलदीप चौधरी, आनंद सिंह, इंद्रपाल धनगर, राहुल कौशिक, शिशुपाल सिंह, अभिषेक ठाकुर, प्रवीन चौहान सहित दर्जनों पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
