यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

पीताम्बरा आईडीएल कन्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड चिटफंड कंपनी के एक डायरेक्टर को धौलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया है कि पीताम्बरा आईडीएल कन्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सतेन्द्र सिंह सिकरवार पुत्र बच्चू सिंह जाति ठाकुर निवासी प्रिसेंस रेजीडेंसी विजय नगर जिला इन्दौर मध्यप्रदेश के विरुद्ध न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धौलपुर में चेक बाउंस के तीन प्रकरण दर्ज हैं, तीनों प्रकरणों में स्थायी वारंटी सतेन्द्र सिंह के विरुद्ध न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किये है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए हैड कानि विनोद कुमार डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम के नेतृत्व में कानि. बीरबल, कानि. जीतेन्द्र, कानि. दीनदयाल, कानि. ईश्वरदयाल, कानि. रामराज, कानि. राजेन्द्र, चालक कानि. वासुदेव की टीम गठित की गई। टीम ने आज कार्यवाही करते हुए स्थायी वारंटी सतेन्द्र सिंह सिकरवार को ग्वालियर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि उक्त स्थायी वारंटी ने रकम लेनदेन के 3 मामलों में तक करीब 15 लाख रुपये के चेक जारी किये थे। बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण उसके द्वारा दिया गये चेक बाउंस हो गये थे। इसके चलते उसके खिलाफ धारा 138 के तीन प्रकरण दर्ज हुए। इसमें कोर्ट ने तीनों प्रकरणों में गिरफ्तारी वारंट जारी किये है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने धौलपुर के आम जन से अपील की है कि अधिक ब्याज व कम समय में रकम दोगुना करने का प्रलोभन देने वाली चिटफंड कंपनियों के बहकावे में न आएं। ऐसी कंपनियों के बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दें। स्वयं सतर्क रहें व दूसरों को इस संबंध में सतर्क करें।चिटफंड कंपनी से प्रभावित कोई भी व्यक्ति संबंधित थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
